उत्तराखंड: अवैध मदरसों पर होगी सख्त जांच, पुलिस मुख्यालय ने जारी किए निर्देश
देहरादून। राज्य में संचालित अवैध मदरसों में बाहरी राज्यों के बच्चों के पढ़ने की खबरों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड ने सभी जिलों को गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, मदरसों की पारदर्शिता और कानून के दायरे में काम सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
जांच के मुख्य बिंदु :-
पंजीकरण की जांच: सभी मदरसों के पंजीकरण की पुष्टि की जाएगी। अवैध या बिना पंजीकरण के चल रहे मदरसों की पहचान की जाएगी।
बच्चों का सत्यापन: खासतौर पर बाहरी राज्यों से आए बच्चों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी।
फंडिंग की जांच: मदरसों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के स्रोतों का सत्यापन किया जाएगा।
भरणे ने बताया कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। सभी जिलों को एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
