- ऑपरेशन क्रैकडाउन, दून पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 49 संदिग्ध हिरासत में
देहरादून। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत देहरादून पुलिस ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में बड़ा सत्यापन अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सघन सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे 469 लोगों का सत्यापन किया। जांच के दौरान पहचान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने वाले 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जिन्हें दो बसों में भरकर पूछताछ के लिए लाया गया।
सत्यापन अभियान में यह भी सामने आया कि कई मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर 92 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 में चालान कर 12,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस के अनुसार राज्यभर में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में बाहरी राज्यों व जनपदों से आकर रह रहे लोगों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।
