- देहरादून में खुलेंगे ट्रैफिक थाने, छह से होगी शुरुआत
देहरादून। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अब महानगरों की तर्ज पर ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है, जिसके तहत छह स्थानों पर ट्रैफिक थाने स्थापित किए जाएंगे। प्रयोग सफल रहने पर इन्हें स्थायी किया जाएगा।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि करीब एक माह के अध्ययन के बाद यह निर्णय लिया गया है। शुरुआती चरण में ये थाने संबंधित थाना या चौकी परिसरों में अस्थायी रूप से संचालित होंगे। इनकी कमान यातायात निरीक्षकों को सौंपी जाएगी, जिन्हें आवश्यक पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सिविल पुलिस पर काम का दबाव होगा कम
इन ट्रैफिक थानों को संबंधित क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने, चालान करने, वाहन सीज करने और मामलों के निस्तारण की पूरी जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे सिविल पुलिस पर यातायात संबंधी कार्यों का दबाव कम होगा और वह कानून-व्यवस्था पर अधिक ध्यान दे सकेगी।
इन स्थानों पर बनेंगे ट्रैफिक थाने
शहर में रिस्पना पुल, आईएसबीटी, जाखन और कैट क्षेत्र में ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। इसके अलावा एक-एक थाना ऋषिकेश और विकासनगर में स्थापित किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे से बढ़ेगा दबाव
आने वाले समय में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पूर्ण संचालन के बाद शहर में वाहनों और पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक थाने यातायात प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगे।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जिले में महानगरों की तर्ज पर ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। इसके लिए छह स्थान चिन्हित किए गए हैं। आगामी चारधाम सीजन से पहले इन्हें शुरू करने की तैयारी है।
