रुद्रप्रयाग। बाबा केदारनाथ के दर पर पहुंचने से पहले ही एक नेपाली तीर्थयात्री को मौत ने गले लगा लिया। सोमवार, 14 अप्रैल 2025 को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित छोटी लिनचोली के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग को जैसे ही इसकी भनक लगी, फौरन राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  गंगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवंत धारा : नितिन नबीन

मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF के उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रशिक्षित टीम अत्याधुनिक बचाव उपकरणों से लैस होकर तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ी। दुर्गम पहाड़ी रास्ते पर SDRF के जवानों ने तेजी दिखाते हुए छोटी लिनचोली के पास पड़े शव तक पहुँच बनाई।

SDRF टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए शव को बॉडी बैग में पैक किया और फिर स्ट्रेचर के सहारे कठिन रास्ते से होते हुए गौरीकुंड तक पहुँचाया। यहाँ शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के हवाले कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में सीमा पर्यटन को बढ़ावा देगा नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक शिनाख्त में मृतक की पहचान नेपाल के सुरखेत जिले के ग्राम गुरवा कोट (वार्ड नंबर 06) निवासी दिल बहादुर, पुत्र रत्नु बुदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिल बहादुर रविवार को अपने कुछ साथियों के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन करने जा रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  राज्य निगम कर्मचारी महासंघ की बैठक में उठे ज्वलंत मुद्दे

यात्रा के दौरान ही वह अचानक रास्ते में रुक गया था, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना ने यात्रा मार्ग पर सनसनी फैला दी है।