जनता दर्शन में आईं 162 शिकायतें
एडीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 162 शिकायतें प्राप्त हुईं। एडीएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता दर्शन में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाइपिस्ट ने उनसे 11,500 रुपये लेकर एक माह बाद जन्म प्रमाण पत्र दिया, लेकिन आधार कार्ड अपडेट कराने के दौरान नगर निगम की जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया और निरस्त कर दिया गया। पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकाया जा रहा है। इस पर एडीएम ने नगर निगम और पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं मोथरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत की कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस मामले में डीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद भी दर्ज है। उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन थाना और बाईपास चौकी के बीच बार-बार भेजे जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एडीएम ने सीओ डालनवाला को मामले में त्वरित कार्रवाई कर शिकायत का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने बताया कि भूमि खरीद के लिए किए गए अनुबंध में 15 फीट रास्ता दर्शाया गया था, जबकि मौके पर रास्ता केवल 12 फीट है। उन्होंने बताया कि इस अनुबंध के तहत उन्होंने दो लाख रुपये नकद दिए थे। पैसे वापस मांगने पर संबंधित डीलर द्वारा धमकाया जा रहा है। एडीएम ने मामले में सीओ डोईवाला को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत की कि एक व्यक्ति ने उन्हें हांगकांग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये ले लिए और पिछले दस महीनों से बहाने बना रहा है। पैसे भी वापस नहीं कर रहा और फोन नंबर ब्लॉक कर दिया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को पत्राचार कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने बताया कि अगस्त 2025 में हुई अतिवृष्टि से उनके घर के पास का रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे घर को खतरा बना हुआ है। इस पर अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खंड ने बताया कि 18.89 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
