
- ग्रीनवुड हिल्स स्कूल में वार्षिकोत्सव की धूम, मेधावी छात्र सम्मानित
- ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ थीम पर विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
देहरादून। ग्रीनवुड हिल्स स्कूल में रविवार को वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण दिवस-2026 धूमधाम से मनाया गया। ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई। कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के चेयरमैन सुमित नंदा, निर्देशिका निधि नंदा और सीईओ डॉ. उदय नंदा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षाविद मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य गिरीश आहूजा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी।
इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा विद्यालय प्रबंधन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। ‘80 दिनों में विश्व भ्रमण’ विषय पर आधारित कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर दर्शाया गया।
समारोह के अंत में विद्यालय की निर्देशिका निधि नंदा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।