- पेड़ से लटका मिला युवक का शव, 4-5 दिन पुराना होने की आशंका
देहरादून। कुआंवाला क्षेत्र में जंगल के भीतर एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव वन विभाग की चौकी के पास मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर हर्रावाला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शव की हालत काफी खराब हो चुकी है, जिससे अंदेशा है कि मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। सड़-गल चुकी स्थिति के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
चौकी प्रभारी विजय थपलियाल ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 10:45 बजे घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर युवक का शव पेड़ से कपड़े के फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहचान के प्रयास तेज
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी हुलिया साझा किया जा रहा है। पिछले दिनों दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।
