- भराड़ीसैंण में ड्यूटी कर रहे जवानों से मिले डीजीपी दीपम सेठ,
- सुरक्षा व्यवस्था व समस्याओं पर लिया फीडबैक
भराड़ीसैंण। भराड़ीसैंण में आयोजित विधानसभा बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ड्यूटी पर तैनात जवानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर, अभिसूचना और आईआरबी के अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी चुनौतियों और ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
डीजीपी ने कहा कि भराड़ीसैंण की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शन जैसी स्थितियों के कारण सुरक्षा व्यवस्था और अधिक संवेदनशील हो जाती है। इसके बावजूद यहां तैनात पुलिसकर्मी पूरी तत्परता, अनुशासन और प्रशिक्षण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि जब भी भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित होता है, तब प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पुलिस बल यहां ड्यूटी के लिए आता है। ऐसे अवसर पुलिस मुख्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इससे जवानों से सीधे संवाद कर उनके रहने-खाने की व्यवस्था, ड्यूटी प्रबंधन और व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी मिलती है।
संवाद के दौरान जवानों से ड्यूटी, फील्ड डिप्लॉयमेंट और सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण फीडबैक लिया गया। डीजीपी ने कहा कि ग्राउंड जीरो पर तैनात पुलिसकर्मियों के सुझाव भविष्य की कार्ययोजनाओं को बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगे।
इस दौरान जवानों ने अपनी निजी, पारिवारिक, स्वास्थ्य और पोस्टिंग से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। डीजीपी ने आश्वासन दिया कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी दक्षता और भविष्य में किए जाने वाले प्रशिक्षण व कोर्स के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें अपनी कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
