- दून मेडिकल कॉलेज में टेंडर गड़बड़ी पर निदेशक सख्त, प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज में टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मामले में कॉलेज की प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही, पूरे प्रकरण की जांच के लिए निदेशालय स्तर पर कमेटी गठित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टेंडर में भाग लेने के लिए पहले दुकानदारों के लिए वार्षिक आय (सिक्योरिटी राशि) की सीमा 10 लाख रुपये निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 80 लाख रुपये कर दिया गया। इस बदलाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हाल ही में कॉलेज में बिस्तर, स्टेशनरी, सैनिट्री, कंप्यूटर और विद्युत उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर जारी किए गए थे। इसी दौरान दुकानदारों और व्यापार समिति ने इस प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य सचिव से शिकायत की।
स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर अब इस मामले में प्राचार्य से जवाब मांगा गया है। निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि नियमों में बदलाव किन परिस्थितियों में किया गया, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अनियमितता सिद्ध होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
