हरिद्वार/इंफो उत्तराखंड
हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में बीती रात एक ढाबे में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के गैस प्लांट चौकी के सामने प्रमिला गेस्ट हाउस गढ़वाली ढाबे के कर्मचारी रोज की तरह रात में काम पूरा कर ढाबे के पीछे वाले कमरे में सो रहे थे।
तभी अचानक रात में किसी कर्मचारी ने शायद बीड़ी या सिगरेट पी, जिससे कमरे में रखे गैस सिलेंडर से लीक हो रही गैस ने आग पकड़ ली और सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। जिससे इस दुर्घटना में चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं इस धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों ने तत्काल गैस प्लांट चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से घायलों तत्काल चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।
गैस प्लांट चौकी इंचार्ज अरविंद रतूड़ी ने बताया कि रात्रि 12:45 बजे गैस प्लांट चौकी से आगे बैरियर नंबर 6 के पास, निकट प्रमिला गेस्ट हाउस, गढ़वाली ढाबा के कर्मचारी ढाबे के पीछे कमरे में सो रहे थे, जिसमें कुछ सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से एक सिलेंडर फट गया, जिससे 4 लोग घायल हो गए।
घायलों में सौरभ पुत्र विनोद उम्र 30 वर्ष, गौरव पुत्र विनोद उम्र 30 वर्ष निवासीगण कालागढ़ जनपद पौड़ी गढ़वाल, दिनेश पुत्र भगवान निवासी लखीमपुर खीरी उम्र 32 वर्ष और मोनू पुत्र मोहन निवासी कालागढ़ उम्र 21 वर्ष है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 इंफो उत्तराखंड के फेसबुक पेज से जुड़ें