- लाइनमैन पर सीढ़ी ले जाने का आरोप, क्षेत्र में मचा हड़कंप
- _ लोअर गढ़वाली कॉलोनी में मकान मालिक ने की शिकायत, विभागीय कार्रवाई की मांग
देहरादून। लोअर गढ़वाली कॉलोनी, नहरूरग्राम क्षेत्र में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के एक लाइनमैन पर स्थानीय लोगों ने बांस की सीढ़ी बिना अनुमति ले जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और शिकायतकर्ताओं ने विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, 3 अप्रैल की सुबह संबंधित लाइनमैन अपने एक साथी के साथ क्षेत्र में पहुंचा। आरोप है कि उसने पड़ोसी के नवनिर्मित भवन में बिजली का फॉल्ट ठीक करने के लिए पास के मकान मालिक की बांस की सीढ़ी का इस्तेमाल किया और बाद में उसे वापस नहीं किया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे पहले भी करीब चार से पांच माह पूर्व उसी कर्मचारी पर एक निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर सीढ़ी निकालने का आरोप लगा था। उस समय पूछताछ में कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने की बात कही थी।
इस बार जब सीढ़ी स्वामियों ने किद्दूवाला बिजलीघर पहुंचकर सीढ़ी लौटाने की मांग की तो आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने सीढ़ी ले जाने से इनकार कर दिया। साथ ही शिकायतकर्ताओं ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले में संबंधित जूनियर इंजीनियर ने बताया कि लाइनमैन ने हालिया घटना से इनकार किया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि कर्मचारी को बिना सीढ़ी आए और उसी सीढ़ी का उपयोग करते हुए देखा गया था। पड़ोसियों ने भी सीढ़ी इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि की है।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने विभाग से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से विभाग की छवि प्रभावित होती है।
