
- आदि कैलाश से देशभर में पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश
- 23 राज्यों के 1100 धावक बनेंगे नशामुक्त युवा अभियान के ब्रांड एंबेसडर
पिथौरागढ़। आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने का संदेश दिया गया। सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने कहा कि आदि कैलाश से शुरू हुआ ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संकल्प अब देशभर के युवाओं तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 23 राज्यों से पहुंचे करीब 1100 धावकों को अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में जोड़ा जाएगा।
करीब 4500 मीटर की ऊंचाई पर माइनस सात डिग्री तापमान में आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन में इस बार दौड़ की दूरी 60 से बढ़ाकर 70 किलोमीटर कर दी गई। छियालेख से गुंजी तक आयोजित दौड़ को उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिता में शामिल धावकों ने नशामुक्त भारत का संदेश दिया।
ललित जोशी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सजग इंडिया का लक्ष्य नशामुक्ति के संदेश को देश के हर राज्य और युवा वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़ने वाले धावक अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी, ओहो रेडियो के संस्थापक आरजे काव्य, आईटीबीपी कमांडेंट सुभाष चंद्र यादव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।