- क्वांटम विवि में रक्तदान शिविर, 536 यूनिट रक्त एकत्र
रुड़की। क्वांटम विश्वविद्यालय में शुक्रवार को क्वांटम स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज की ओर से मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कुल 536 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का आयोजन ‘डोनेट ब्लड, सेव लाइव्स’ की भावना के साथ किया गया। क्वांटम स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज ने पहल, एनसीसी, एनएसएस, नवजीवन हेल्थ क्लब और उन्नत भारत अभियान के सहयोग से शिविर आयोजित किया। इसमें श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, देहरादून और सिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, रुड़की की चिकित्सा टीमों ने रक्त संग्रह में सहयोग किया।
कार्यक्रम विश्वविद्यालय के चेयरमैन एवं मुख्य संरक्षक अजय गोयल और उपाध्यक्ष एवं संरक्षक इंजी. शोभित गोयल के मार्गदर्शन में हुआ। कुलपति प्रो. विवेक कुमार और कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
क्वांटम स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के प्रोफेसर एवं प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने शिविर की अध्यक्षता और पर्यवेक्षण किया। आयोजन में डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. छवि सिंह, कोमल सोनी और डॉ. अमित सैनी ने सहयोग किया। व्यवस्थाओं में एस्टेट ऑफिसर डॉ. ललित सैनी की भूमिका रही।
शिविर में रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान और रक्तदान के बाद देखभाल की व्यवस्था की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार जताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है।