- खूनी रंजिश : ओवरटेकिंग विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग_ मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत
नीरज पाल/ इंफो उत्तराखंड
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक वाहन को रोकने के लिए की गई ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन सवारों के बीच गाड़ी को पास देने को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए पीछे से कई राउंड फायरिंग की। इसी दौरान सड़क पर टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।
सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी समेत राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पेड़ से टकराई कार, फिर भी नहीं रुके हमलावर
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में मौजूद दो लोगों के साथ मारपीट की और साथ ही वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में बैठे दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया।
घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध वाहनों की संघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान आरोपियों को भोगपुर के पास घेर लिया है, लेकिन वे जंगल की ओर भाग निकले, उनकी तलाश में पुलिस की टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियो की धर-पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के फरार लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने दावा किया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रिटायर्ड ब्रिगेडियर के परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री गणेश जोशी घटना के बाद मैक्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालसी जोहड़ी गांव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आवश्यक स्थानों पर पिकेट भी लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

आज सुबह मालसी के पास दो कार सवारों के बीच वाहन को पास देने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान एक कार सवार द्वारा दूसरी कार को रोकने के उद्देश्य से टायर पर फायरिंग की गई, लेकिन गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
