- चूना भट्टा में मिली शिवानी की मौत की गुत्थी उलझी
- _ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
- _ विसरा रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की जांच
फॉलोअप
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके में खंडहर से मिली 26 वर्षीय युवती शिवानी की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान डालनवाला क्षेत्र की सूरज बस्ती निवासी शिवानी के रूप में हुई है, जो घटना से दो दिन पहले से घर से लापता थी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अब तक युवती की स्पष्ट लोकेशन सामने नहीं आ सकी है। मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही गूगल पे के जरिए हुए कुछ लेन-देन भी जांच के दायरे में आए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के शुरुआती संकेतों में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चूना भट्टा क्षेत्र में खंडहर से मिली थी महिला की लाश
15 मार्च 2026 को चूना भट्टा क्षेत्र स्थित एक पुराने खंडहर से युवती का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
एसएसपी ने बताया कि शिवानी दो दिन से घर से लापता थी। साथ ही पोस्टमार्टम में जानकारी मिली है कि शव दो दिन पुराना था। पुलिस ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा है। इन सैंपलों की जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
वहीं, स्थानीय लोगों ओर शिवानी की मां का भी आरोप है कि चूना भट्टा के पास खुलेआम नशा बिकता है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती. एसएसपी ने बताया है कि उस क्षेत्र में पहले जो नशे का करोबार कर थे, ऐसे आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की गई। इस तरह के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का कहना है कि शिवानी को कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी आदत नहीं छूट सकी। वे यह भी आरोप लगा रहे हैं कि क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार होता है, जिसकी जानकारी पुलिस को देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अवैध धंधे में लिप्त लोगों पर होगी कठोरतम कार्रवाई’
देहरादून। जिले में नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ताजा मामले में पुलिस ने नशा बेचने वाले अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सूरत में नशा कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि मामला गंभीर है और इसे प्राथमिकता पर लेते हुए कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध धंधे में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशा कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
