- युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा नशामुक्त उत्तराखंड : डॉ. रावत
देहरादून। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि युवाओं के दृढ़ संकल्प और जनभागीदारी से उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
डॉ. रावत ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और मित्रों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जागरूकता कार्यक्रम और शपथ दिलाने का अभियान जारी है।
धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने भी युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पाण्डेय, संयुक्त निदेशक देवेंद्र गिरी, उप निदेशक एमके कन्याल, प्राचार्य अवनीश जैन समेत अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।