- न्यायालय से फरार चल रहा वारंटी गिरफ्तार
देहरादून। गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डालनवाला पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डालनवाला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाद संख्या 8185/24 में धारा 380, 457 और 411 भादवि के तहत फरार चल रहा वारंटी अपने घर पर मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने नई बस्ती, विजय कॉलोनी स्थित उसके मकान पर दबिश देकर वारंटी विशाल कुमार (38) पुत्र मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतबीर सिंह, चौकी प्रभारी हाथीबड़कला और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।