देश की सभी बहन-बेटियाँ मेरी अपनी हैं: गिरधारी लाल साहू
देहरादून। गिरधारी लाल साहू ने समस्त देशवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सभी बहन-बेटियाँ उनके लिए समान रूप से सम्माननीय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौलाघट में आयोजित माताओं-बहनों एवं बुजुर्गों के स्वागत समारोह के दौरान दिए गए उनके वक्तव्य को विपक्ष और कांग्रेस पार्टी द्वारा तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार है।
साहू ने बताया कि मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के आमंत्रण पर वह कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने अपने संबोधन में हास्य के रूप में एक मित्र की शादी का उल्लेख किया था। इसे गलत संदर्भ में पेश कर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान को लेकर उनकी प्रतिबद्धता किसी से छिपी नहीं है। साहू के अनुसार, वह प्रतिवर्ष बरेली में आयोजित श्रीरामलीला के अवसर पर 101 निर्धन बेटियों के विवाह में सहयोग करते हैं और लंबे समय से इस सामाजिक कार्य से जुड़े हैं।
गिरधारी लाल साहू ने दोहराया कि सोमेश्वर विधानसभा सहित पूरे प्रदेश और देश की बेटियों का वह देवी के समान सम्मान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उनके बयान को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक लाभ लेना चाहता है।
अंत में साहू ने कहा कि यदि उनके वक्तव्य से किसी भी व्यक्ति को ठेस पहुंची हो या बुरा लगा हो, तो वह हाथ जोड़कर सभी से क्षमा मांगते हैं।
