- बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दून अस्पताल में कांग्रेस का हल्लाबोल
- _बेड की कमी और बाहर की दवाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बेड की कमी, बाहर से दवाएं लिखे जाने और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। महासचिव विनोद सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में मरीजों की समस्याओं को उठाते हुए एमएस डॉ. आरएस बिष्ट को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शुमार दून अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके चलते मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अस्पताल में बेड की भारी कमी है, जिससे मरीजों को समय पर भर्ती नहीं मिल पा रही। वहीं अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी जरूरी जांच सुविधाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहतीं। इमरजेंसी सेवाओं में अव्यवस्था के कारण गंभीर मरीजों के उपचार में देरी हो रही है।
पार्षद अर्जुन सोनकर और वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि नाइट ड्यूटी और आपातकालीन समय में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रहती। पर्ची काउंटर कम होने और ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था अव्यवस्थित होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता, लिफ्ट व्यवस्था और बिजली बाधित होने पर ऑपरेशन प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एमएस डॉ आरएस बिष्ट को अस्पताल के बाहर से दवा लिखे जाने की शिकायत भी मौके पर दिखाई। इस पर चिकित्सा अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में पूर्व पार्षद अनूप कपूर, मुकेश सोनकर, सविता सोनकर, राहुल शर्मा, आशीष गोसाई, संजय मौर्य, तेजेंद्र सिंह रावत समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऑनलाइन पंजीकरण से दून अस्पताल की व्यवस्था सुधरी
देहरादून। दून अस्पताल में ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था लागू होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पिछले एक वर्ष में व्यवस्थाएं काफी बेहतर हुई हैं, जिससे मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल के प्रत्येक फ्लोर पर पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता। अब मरीज घर बैठे आभा आईडी के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अपना पर्चा बना सकते हैं और अस्पताल पहुंचकर अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित विभाग के डॉक्टर को दिखा सकते हैं।
एमएस बिष्ट ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की टीम लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटी है। इसी का परिणाम है कि मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी जरूरी जांच सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए आगे भी सुधार कार्य जारी रहेंगे।
