- राजधानी बनी क्राइम सिटी, सोलह दिन में पांच मर्डर
- _ राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार
नीरज पाल
देहरादून। राजधानी के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से निकल रहे स्टोन क्रेशर कारोबारी विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। आनन-फानन में घायल कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रेशर का कारोबार करते थे। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह सिल्वर सिटी स्थित जिम में वर्कआउट करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
लाइसेंसी पिस्टल भी नहीं आई काम
पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा सुरक्षा के लिहाज से हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ रखते थे। घटना के वक्त भी उनके पास हथियार मौजूद था, लेकिन हमलावरों ने इतनी तेजी से हमला किया कि उन्हें बचाव का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सिल्वर सिटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें शहर के विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। राजपुर रोड जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
झारखंड में दर्ज हैं कई मुकदमे
विक्रम शर्मा के खिलाफ झारखंड में हत्या, अपहरण समेत 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी अखिलेश शर्मा का गुरु रहा है। विक्रम शर्मा मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट धारक था, और झारखंड में कई वारदातों के बाद वह देहरादून आकर रहने लगा था। वर्ष 2017-18 में झारखंड पुलिस ने उसे देहरादून से गिरफ्तार कर रांची ले जाया था। जेल से रिहा होने के बाद वह फिर देहरादून लौट आया और रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़ गया।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या आपराधिक गिरोहों के आपसी टकराव की आशंका है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
राजधानी में सोलह दिन में पांच मर्डर
बता दें कि तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में गुंजन की चापड़ से हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
इसके अलावा ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर में छात्रा मनीषा तोमर की हत्या और तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की हत्या जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही वारदातों से शहरवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी की घटना सुबह 10:15 बजे की है, हमलावर दो से तीन लोग हैं। जिम से बाहर आते वक्त विक्रम पर गोलियां चलाई गईं। मौके से उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सिल्वर सिटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें शहर के विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
– अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून

राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। घटना के बाद शहर में तत्काल नाकेबंदी कराई गई और स्पेशल टीम को जांच में लगाया गया है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल शहर की कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है।
_ राजीव स्वरूप, आईजी गढ़वाल
