- चारधाम यात्रा से पहले नौगांव में नई पार्किंग तैयार, जाम से मिलेगी राहत
उत्तरकाशी। नगर पंचायत नौगांव में शिव मंदिर के समीप करीब पौने तीन करोड़ रुपये की लागत से बन रही सरफेस वाहन पार्किंग लगभग तैयार हो चुकी है। इस पार्किंग का लाभ इस वर्ष चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा।
मुख्य बाजार से लगभग 50 मीटर दूरी पर स्थित इस पार्किंग में करीब 60 से 70 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) बड़कोट चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले पार्किंग को नगर पंचायत को हैंडओवर करेगी।
पार्किंग तैयार होने से नौगांव में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक पार्किंग सुविधा न होने के कारण यात्रा सीजन में बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे व्यापारियों और यात्रियों दोनों को परेशानी होती थी।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी शिवानी रावत ने बताया कि पार्किंग हैंडओवर होने के बाद नगर पंचायत द्वारा निविदा प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित शुल्क पर इसका संचालन किया जाएगा, जिससे नगर पंचायत की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
