- 19 अप्रैल को खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट।
उत्तरकाशी। आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट उद्घाटन का शुभ मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 15 मिनट निर्धारित किया गया है।
गंगोत्री मंदिर समिति के अनुसार, मां गंगा की भोगमूर्ति डोली 18 अप्रैल को शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। डोली यात्रा सेना बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ निकाली जाएगी तथा रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में होगा।
19 अप्रैल की सुबह डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी, जिसके बाद विधि-विधान के साथ कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट अगले छह माह तक खुले रहेंगे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर और गंगा घाट पर गैर-सनातनी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। उल्लेखनीय है कि इसी दिन यमुनोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिससे चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।
