- देहरादून में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन पर सख्ती, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
देहरादून। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाण्डेय ने गुरुवार सुबह जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण सुबह 6 बजे से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख स्थानों—दिलाराम चौक, सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, आईएसबीटी, शिमला बाईपास सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर सड़क रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाए गए, लेकिन कुछ स्थानों पर अधूरा कार्य और सड़क पर मलबा मिलने से अधिकारियों ने नाराजगी जताई। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय सभी निर्धारित शर्तों का कड़ाई से पालन कराया जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण एवं तत्काल पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निर्माण कार्यों से आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। समयसीमा का उल्लंघन करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की क्यूआरटी को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि रोड कटिंग कार्यों के लिए निर्धारित बजट, समयसीमा और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रोड कटिंग समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि अब एक समय में केवल 2 से 3 स्थानों पर ही रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी और 15 से 21 दिन के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा। नए कार्यों की अनुमति तभी दी जाएगी जब पहले के कार्य पूर्ण हो जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, कुमकुम जोशी सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
