उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बेरोजगार संघ की हुंकार, बड़े अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग
देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ प्रदेश में भ्रष्टाचार और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रहे घोटालों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहा है। संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार व्यापक रूप से फैल चुका है, और इसमें सरकार का अप्रत्यक्ष समर्थन है। उन्होंने दावा किया कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही करने के नाम पर केवल छोटे अधिकारियों को निशाना बना रही है, जबकि बड़े अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
बॉबी पंवार ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंधक महानिदेशक अनिल कुमार यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। पंवार का कहना है कि अनिल कुमार यादव की संपत्ति दिनोंदिन बढ़ रही है और इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई सख्त कार्यवाही नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यादव ने उत्तराखंड पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन) में रहते हुए भी भ्रष्टाचार किया, जिसके आरोप सिद्ध हो चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें पदोन्नत किया गया।
बॉबी पंवार ने सवाल उठाया कि अनिल कुमार यादव, जिनकी पत्नी गृहणी हैं और बच्चे नाबालिग हैं, के नाम पर हजारों करोड़ों की संपत्ति कैसे आई। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए और राज्य की जीरो टॉलरेंस नीति का पालन किया जाए।

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 इंफो उत्तराखंड के फेसबुक पेज से जुड़ें