- चमोली में बदला मौसम बदरीनाथ-हेमकुंड में ताजा बर्फबारी, किसानों के खिले चेहरे
गोपेश्वर। चमोली जनपद में शुक्रवार देर शाम से मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है, जबकि उच्च हिमालयी इलाकों में ताजा हिमपात हो रहा है। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में लगातार बर्फबारी से पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया है।
बदरीनाथ में ताजा बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो प्रकृति ने भगवान बदरी नारायण के धाम को विशेष रूप से सजा दिया हो। मार्च माह के अंतिम दिनों में भी यहां की पहाड़ियां चांदी की तरह चमकती नजर आ रही हैं।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। औली में भी बर्फबारी और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
बारिश और बर्फबारी से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण फसलें प्रभावित हो रही थीं, लेकिन अब अच्छी वर्षा से किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद जगी है।
प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों, विशेषकर केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्च महीने में इस तरह की बर्फबारी कम ही देखने को मिलती है। इस बार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है, जिससे ठंड बढ़ने के साथ कई जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा।
