- दून अस्पताल : शराब के नशे में धुत गार्डों ने पत्रकारों से की बदसलूकी, कॉलर पकड़कर की हाथापाई, वीडियो वायरल
देहरादून। राजधानी स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला अस्पताल की इमरजेंसी ओटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों की कथित गुंडागर्दी से जुड़ा है, जहां शनिवार रात पत्रकारों के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगा है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 9:30 बजे कुछ पत्रकार अपने घायल परिचित को इमरजेंसी में उपचार दिलाने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर अस्पताल में तैनात गार्डों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि गार्डों ने पत्रकारों का कॉलर पकड़ लिया और हाथापाई पर उतर आए।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गार्डों का आक्रामक रवैया स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
इस घटना के बाद बड़ा सवाल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ खड़ा हुआ है। आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर ऐसे कर्मियों को तैनात किया गया है, जो खुद ही मरीजों और तीमारदारों के लिए खतरा बन रहे हैं।
पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी गार्डों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो मामला यहीं नहीं रुकेगा। सोमवार को इस संबंध में पत्रकार प्रतिनिधिमंडल अस्पताल की प्राचार्य से मुलाकात करेगा। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर पूरे मामले को उठाया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल अब इलाज का केंद्र रह गया है या अव्यवस्था और बदसलूकी का अड्डा बनता जा रहा है।
