
- स्वीकृत नक्शे से हटकर हो रहा निर्माण, एमडीडीए ने किया सील
- इंजीनियर इन्क्लेव में नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, प्राधिकरण ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून। राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में राजपुर रोड स्थित जाखन के इंजीनियर इन्क्लेव में स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जा रहे निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया। एमडीडीए के अनुसार, अनुभव छाबड़ा और विकास गिरधर की ओर से किए जा रहे निर्माण में स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन पाया गया था।
प्राधिकरण ने मामले में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 और उत्तराखंड संशोधन अधिनियम, 2009 के तहत वाद दायर किया। इसके बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत निर्माण को सील करने की कार्रवाई की गई।
एमडीडीए अधिकारियों के मुताबिक, शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों का पालन कराने के लिए अवैध निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा: तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण के दौरान निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी कर किए जाने वाले निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही करें निर्माण: बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत वाद दायर कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। इंजीनियर इन्क्लेव के मामले में भी इसी प्रक्रिया के तहत निर्माण सील किया गया है। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि वे प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण करें, ताकि उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।