- पौड़ी की बेटी महक ने रचा इतिहास, इंटरमीडिएट में 96% अंक के साथ प्रदेश में 7वाँ स्थान
पौड़ी। पौड़ी जिले के जनता इंटर कॉलेज, पोखरीखेत की प्रतिभाशाली छात्रा महक ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर 7वाँ स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
महक की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
गौरतलब है कि महक ने इससे पहले हाईस्कूल परीक्षा में भी 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 19वाँ स्थान प्राप्त किया था। लगातार दो वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
विद्यालय परिवार, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने महक की इस सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
