- जिज्ञासा विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना विश्व फार्मासिस्ट दिवस
देहरादून। जिज्ञासा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रक्तदान, नेत्र जांच और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने शिविरों में उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि फार्मेसी का क्षेत्र केवल दवाओं के अध्ययन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान, नवाचार, रोगी देखभाल और मानव सेवा में भी फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में फार्मेसी के मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियां भी दीं। इससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष बुडोला के योगदान की सराहना की गई। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. इरफान खान, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संदीप कौटिश, कुलसचिव डॉ. जशनदीप सिंह, डीन डॉ. अमनदीप सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार समेत विभिन्न विद्यालयों के डीन, शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।