**विक्टोरिया प्रीमियर लीग 2024 का उद्घाटन: खेल मंत्री रेखा आर्या ने की पहल**
अल्मोड़ा। उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या, ने आज अल्मोड़ा के हेमवंती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में विक्टोरिया प्रीमियर लीग 2024 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विक्टोरिया क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने मंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट करके किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में रेखा आर्या ने हेमवंती नंदन बहुगुणा की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने लीग की ट्रॉफी का अनावरण कर टूर्नामेंट की शुरुआत की।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री आर्या ने राज्य सरकार की खेल नीति की सराहना की और कहा कि उत्तराखंड सरकार खिलाड़ियों के विकास और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को नौकरी में 4% आरक्षण देने और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का भी उल्लेख किया, जिससे खिलाड़ियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, और उत्तराखंड आने वाले समय में खिलाड़ियों का हब बनेगा।
इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों को हिमालय संरक्षण की शपथ दिलाई और सैकड़ों लोगों ने हिमालय बचाने का संकल्प लिया।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न स्थानीय नेताओं और खिलाड़ियों की उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रवि रौतेला, जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, और विक्टोरिया क्रिकेट क्लब के आयोजक मनोज पवार प्रमुख थे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 इंफो उत्तराखंड के फेसबुक पेज से जुड़ें