
- उत्तराखंड में केयरयोगी का डिजिटल हॉस्पिटल लॉन्च
- टेली-कंसल्टेशन, दवाइयों की होम डिलीवरी और घर से जांच के लिए सैंपल कलेक्शन की मिलेगी सुविधा
देहरादून। हेल्थकेयर कंपनी केयरयोगी (Care Yogi) ने उत्तराखंड में अपना डिजिटल हॉस्पिटल लॉन्च किया है। इसके माध्यम से प्रदेश के लोगों को घर बैठे स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा मिलेगी। प्लेटफॉर्म पर मरीज स्मार्टफोन के जरिए जनरल फिजिशियन से लेकर विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श ले सकेंगे।
कंपनी की ओर से डॉक्टरों से परामर्श के साथ दवाइयों की होम डिलीवरी, घर से पैथोलॉजी जांच के लिए सैंपल कलेक्शन और डिजिटल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाएगी। पंजीकरण के बाद मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिसे उसकी सहमति से इलाज करने वाले डॉक्टरों के साथ साझा किया जा सकेगा।
कंपनी के सीओओ रोहित मधुसूदन ने बताया कि डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड से मरीज के उपचार से जुड़ी जानकारी एक जगह उपलब्ध रहेगी, जिससे डॉक्टरों को समय पर बेहतर चिकित्सकीय निर्णय लेने में मदद मिलेगी। वहीं, चीफ मेडिकल एडवाइजर डॉ. वाईएस बिष्ट ने बताया कि कंपनी ने पूरे परिवार के लिए निवारक स्वास्थ्य देखभाल पैकेज भी तैयार किए हैं। इनमें नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श और देखभाल समन्वय जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कंपनी के स्ट्रैटेजी एवं पार्टनरशिप निदेशक विनीत बहुगुणा के अनुसार, इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना तथा सामान्य चिकित्सकीय परामर्श के लिए अस्पताल जाने की जरूरत कम करना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी हो सकती है। साथ ही, दूसरे शहरों में रहने वाले युवा अपने घरों में रह रहे बुजुर्ग माता-पिता की स्वास्थ्य सेवाओं से भी जुड़े रह सकेंगे। हालांकि, आपातकालीन स्थिति और अस्पताल में भर्ती की जरूरत वाले मामलों में पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं का महत्व बना रहेगा।