
- नवनियुक्त सीडीओ दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार
- महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा विशेष जोर, पांच सूत्रीय कार्ययोजना तैयार
देहरादून। जनपद के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीपक सैनी ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सीडीओ दीपक सैनी ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताएं तय करते हुए पांच सूत्रीय कार्ययोजना पर काम करने की बात कही। इसके तहत ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि जनपद में चल रही निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। इसके अलावा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
सैनी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से क्षेत्रीय भ्रमण किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने देहरादून के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण, आपदा सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना के साथ काम किया जाएगा।