
- अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ को मिले दो आरोग्य रथ
- मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी
- मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, फार्मासिस्ट और दवाओं की रहेगी व्यवस्था
देहरादून। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिल सकेगी।
यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से संचालित की जा रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन से उन लोगों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आरोग्य रथ में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके जरिए लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ ही बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाओं और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भागीदारी भी अहम है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अन्य संस्थाएं भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में इसी तरह सहयोग करेंगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।