
- ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 9 यात्रियों की मौत
- हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी विश्वनाथ सेवा की बस, सुबह 4:50 बजे हुआ हादसा
- सीएम धामी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
नीरज पाल/ इंफो उत्तराखंड
ऋषिकेश/देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे 34 यात्रियों को लेकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाना पुलिस के साथ फायर सर्विस, एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप के जवानों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के अलावा स्थानीय और निजी अस्पतालों की एंबुलेंस तथा एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गईं। राहत एवं बचाव दल ने तेजी से अभियान चलाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

चालक और परिचालक समेत नौ की मौत
पुलिस की ओर से जारी मृतकों की सूची के अनुसार, हादसे में बस चालक राजेंद्र सिंह (48) निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग और परिचालक अनुज भंडारी (27) निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनिकीरेती की भी मौत हो गई। इनके अलावा विक्की (37) निवासी चंदौसी, संभल, पुन्नू (55) निवासी मैखंडी, टिहरी गढ़वाल, राज राय निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल, दीपक गुप्ता (50) और विकास गुप्ता (60) निवासी शहडोल, मध्य प्रदेश, रोहित कश्यप (35) निवासी चंदौसी, संभल तथा सुशील प्रताप सिलोडी (55) निवासी गोपेश्वर, चमोली ने भी हादसे में जान गंवाई।
कई राज्यों के यात्री हुए घायल
दुर्घटनाग्रस्त बस में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के यात्री सवार थे। घायलों में महिलाएं और एक तीन वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, झारखंड के दुमका निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी (22), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50), राजकुमार (32), मुन्ना सिंह (28) और परेश मराठी घायल हुए हैं। बिहार के पटना निवासी राहुल कुमार (24) और जहानाबाद निवासी संतोष कुमार (38) भी हादसे में घायल हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी सागर (21), ऊधमसिंहनगर के जसपुर निवासी अभिषेक (28), खटीमा निवासी प्रत्यूष (23), असम के गुवाहाटी निवासी तीन वर्षीय आयरा और उसकी मां नूर जहां (26), दिल्ली के शाहदरा निवासी जतिन (21), रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी (31), चमोली के कर्णप्रयाग निवासी वीरेंद्र सिंह (58), पिथौरागढ़ निवासी खुशी भट्ट (19) और हल्द्वानी निवासी नवीन (31), आसापंथ (64), पंकज कांडपाल (42), अंजू (32) तथा दर्शन सिंह घायल हुए हैं। मध्य प्रदेश निवासी आर्यन गुप्ता और कोलकाता निवासी रमेश चंद व रामा प्रसाद घोष (62) भी घायलों में शामिल हैं।
*हादसे के कारणों की जांच शुरू*
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। दुर्घटनास्थल से यात्रियों का सामान सुरक्षित एकत्र कर गूलर पुलिस चौकी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान की पुष्टि और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

सीएम ने एम्स पहुंचकर जाना घायलों का हाल
ऋषिकेश। गूलर घाटी बस हादसे में घायल यात्रियों का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने एम्स के चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी तरह की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि इस दुखद हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ राज्य सरकार खड़ी है। घायलों के समुचित उपचार के साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता
ऋषिकेश। गूलर बस हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की राहत राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और आरटीओ देहरादून को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पीड़ितों को मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।