
- क्लेमेनटाउन में घर के बाहर खड़ी कार पर तोड़फोड़ और फायरिंग का आरोप
- तीन युवकों को हिरासत में लेकर छोड़ने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र के ओगल भट्टा, टर्नर रोड पर घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ और फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कुछ युवकों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने के साथ जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में ओगल भट्टा निवासी नीरज शर्मा उर्फ बिट्टू के अनुसार, 13 और 14 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे गाड़ी पार्क करने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच कुछ युवक हुड पहनकर उनके घर के बाहर पहुंचे और लाठी-डंडों व पत्थरों से उनकी कार में तोड़फोड़ की। इस दौरान हथियारों से फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। पीड़ित का दावा है कि घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और फायरिंग की आवाज की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के बाद तीन युवकों को हिरासत में लिया था, लेकिन 15 नवंबर को उन्हें छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि मामले में केवल बीएनएस की धारा 324(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि फायरिंग और जानलेवा हमले के आरोपों को देखते हुए गंभीर धाराएं भी लगाई जानी चाहिए थीं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एफआईआर में आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए।
नीरज शर्मा ने वारदात में शामिल बताए गए विराट, आशीष पंवार, आदित्य लाटियान, रुद्र उर्फ रोहित और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के वारदात में इस्तेमाल वाहन संख्या UK08AU3187 की जांच और उसे कब्जे में लेने की भी मांग उठाई है।
पीड़ित ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के पहलुओं की जांच, अपने बयान दर्ज कराने तथा विवेचना पूरी कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने थाना पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है।