
- 2027 की चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस
- कुमारी सैलजा ने गणेश गोदियाल, हरीश रावत और यशपाल आर्य समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ किया मंथन
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में प्रदेशभर में जनहित के मुद्दों को लेकर जनआंदोलन तेज करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
छह दिवसीय प्रदेश दौरे के समापन पर आयोजित बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन हुआ। नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के बीच उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की।
बैठक में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, पलायन तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। इसके अलावा प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर भी चर्चा हुई। इन मुद्दों पर प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने पर सहमति बनी।
कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ सक्रियता से काम करना होगा। संगठन में एकजुटता और जवाबदेही के साथ जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की जरूरत है।
बैठक में नेताओं ने एकजुट होकर भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच ले जाने और प्रदेश के हितों, जन अधिकारों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने पर सहमति जताई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी मौजूद रहे।