
- आपदा प्रभावित बच्चों के संग सीआईएमएस में मना इगास पर्व
- केदारनाथ आपदा समेत विभिन्न आपदाग्रस्त क्षेत्रों के 100 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, लोक संस्कृति के रंगों से सजा दो दिवसीय महोत्सव
देहरादून। आपदा की मार झेल चुके बच्चों के जीवन में खुशियां लौटाने और उनके भविष्य को संवारने की पहल के तहत CIMS ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, कुआंवाला में दो दिवसीय इगास महोत्सव (बूढ़ी दिवाली) धूमधाम से मनाया गया। CIMS कॉलेज और धाद संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केदारनाथ आपदा समेत प्रदेश के विभिन्न आपदाग्रस्त क्षेत्रों के 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
महोत्सव के दौरान बच्चों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से इगास पर्व की खुशियां साझा कीं। बच्चों के उत्साह और उमंग से कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। आयोजन का उद्देश्य आपदा प्रभावित बच्चों को अपनापन देने के साथ उनके चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर CIMS कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी ने कहा कि आपदा प्रभावित बच्चों के जीवन में शिक्षा और खुशियों का उजाला भरना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपदा या विपरीत परिस्थितियां बच्चों के सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्थान हिमालयी क्षेत्रों के आपदा प्रभावित बच्चों को निःशुल्क उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपना भविष्य संवार सकें।
उन्होंने कहा कि पर्वों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उन्हें जरूरतमंद बच्चों के साथ साझा किया जाए। यह महोत्सव बच्चों को अपनापन, विश्वास और नई उम्मीद देने की एक पहल है।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष रमेश जोशी, जानकी जोशी, प्रबंध निदेशक संजय जोशी, निदेशक केदार अधिकारी, धाद संस्था के सचिव तन्मय ममगाईं, उपाध्यक्ष माधुरी रावत, पुनरुत्थान के संयोजक जगमोहन रावत, सचिव बिरेश, अर्चना, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, कैलाश हॉस्पिटल के निदेशक पवन शर्मा, डॉ. प्रियंका गुसाईं, डॉ. मानसी, नंदनी कुमोला, जसनीत कौर और अभिषेक राणा सहित कॉलेज के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।