
- चुनाव से पहले महिलाओं की याद आई धामी सरकार को : गोदियाल
- पांच साल तक महिलाओं की सुध नहीं ली, अब आर्थिक मदद के नाम पर लुभाने का प्रयास
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार की बैणी-भुली योजना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही सरकार को मातृशक्ति की याद आ गई है। आखिरी दो महीनों में आर्थिक सहायता की घोषणा महिलाओं को लुभाने की कोशिश है।
गोदियाल ने कहा कि सरकार पांच लाख महिलाओं को योजना का लाभ देने का दावा कर रही है, जबकि प्रदेश में महिलाओं की संख्या इससे कहीं अधिक है। सवाल है कि बाकी महिलाओं को योजना से बाहर क्यों रखा गया है। उन्होंने पहली किस्त चुनाव से पहले और दूसरी चुनाव के बाद देने की घोषणा को भी सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करने वाला बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, भर्ती घोटाले, बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से ग्रामीण महिलाएं भी असुरक्षित हैं।
गोदियाल ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल खातों में धनराशि डालने से नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने से होगा। उत्तराखंड की मातृशक्ति चुनावी घोषणाओं और सरकार के पांच साल के कामकाज का अंतर समझती है।