
- रमेश कुमार वर्मा की पुण्यतिथि पर 16 यूनिट रक्तदान
- दून मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रणजीत सिंह वर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट ने लगाया शिविर, युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील
देहरादून। समाजसेवी स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा की सातवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को रणजीत सिंह वर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर दिवंगत समाजसेवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के कार्यों को याद किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान दिया जा सकता है और यही स्वर्गीय वर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम संयोजक, रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष एवं उत्तराखंड बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष तथा राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री ने कहा कि स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा ने अपना पूरा जीवन समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए समर्पित किया। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन उनके सेवा भाव और आदर्शों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
दून मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की टीम ने स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। चिकित्सा स्टाफ ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में रक्तदान करने वालों में सतेंद्र सिंह भंडारी, अमित खत्री, जॉनी कुमारी, दीपक पंवार, निकांश देसाई, राजेंद्र सिंह मखलोगा, मोहम्मद अब्दुल रहमान, कौशल, विजेंद्र, शोएब, दिनेश कुमार, सात्विक चौहान और निजामुद्दीन सहित अन्य लोग शामिल रहे।