
- रोजगार मेले में 19 को मिली नौकरी, 221 शॉर्टलिस्ट
- क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ लघु रोजगार मेला
- 19 नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 321 युवाओं ने दिया साक्षात्कार
देहरादून। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित लघु रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। मेले में प्रतिभाग करने वाली 19 कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद 19 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से नौकरी के लिए चुना, जबकि 221 अभ्यर्थियों को दूसरे दौर के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
सेवायोजन कार्यालय में आयोजित इस मेले में कुल 321 युवाओं ने अपना पंजीकरण कराकर साक्षात्कार दिया। मेले में सुरक्षा, बैंकिंग, बीपीओ, हॉस्पिटैलिटी, मार्केटिंग, स्वास्थ्य सेवा, उत्पादन और तकनीकी क्षेत्र की कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर दिए। चयन प्रक्रिया के बाद दूसरे चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 221 युवाओं को अब कंपनियों के मुख्यालय या अगले चरण में साक्षात्कार देना होगा।
इन कंपनियों ने लिया हिस्सा
मेले में हीरो मोटोकॉर्प हरिद्वार, टाटा मोटर्स, एलआईसी, बजाज कैपिटल, उत्कर्ष स्मॉल बैंक, मुंजाल शोवा लिमिटेड, जी-4एस सिक्योर सॉल्यूशंस, स्काई विंग्स एडवाइजर, आईएसओएन बीपीओ, न्यूमैक्स, क्यू प्लस सिक्योरिटी, आरजी स्टोन हॉस्पिटल, टीआई मेडिकल, ईस्टमैन, टैलेंट एक्सपर्ट सॉल्यूशन, जनरेटर एड्स, मोचिको प्राइवेट लिमिटेड, केवी ह्यूमन रिसोर्सेज और 2कॉम्स जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की योग्यता परखी।
इन पदों पर हुई भर्ती
कंपनियों की ओर से इलेक्ट्रिशियन, फिटर, पेंटर, मैकेनिक, मशीन ऑपरेटर, ट्रेनी, बैंकिंग एग्जीक्यूटिव, कैश मैनेजमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, सेल्स एंड मार्केटिंग, टैलेंट एक्विजिशन, हेल्थकेयर रिक्रूटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और हॉस्पिटैलिटी से जुड़े विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।