
- निर्माण और आर्किटेक्चर की आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराएगी ‘डेकोरा 3.0’
- 20 नवंबर से रेंजर्स ग्राउंड में चार दिवसीय प्रदर्शनी, देशभर के नामचीन ब्रांड लेंगे हिस्सा
- 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पादों का होगा प्रदर्शन, रेरा और बिल्डर्स के बीच भी होगा संवाद
देहरादून। भवन निर्माण, आर्किटेक्चर और इंटीरियर के क्षेत्र में आ रही आधुनिक तकनीकों और नए उत्पादों की जानकारी अब देहरादून में एक ही मंच पर मिलेगी। इसके लिए 20 से 23 नवंबर तक रेंजर्स ग्राउंड में चार दिवसीय प्रदर्शनी ‘डेकोरा 3.0’ आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांड, निर्माता, सप्लायर और निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
गुरुवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीबीएए के अध्यक्ष एवं आर्किटेक्ट देवेंद्र कुमार सिंह, नावेश चंदोला, सौरभ सुमन, कनिका अग्रवाल और वेदांत जैन ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेकोरा का यह तीसरा संस्करण है। पिछले दो आयोजनों की सफलता के बाद इस बार प्रदर्शनी को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिल्डर्स, आर्किटेक्ट, कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं को निर्माण क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और उत्पादों से परिचित कराना है।
निर्माण से लेकर इंटीरियर तक के उत्पाद दिखेंगे
प्रदर्शनी में सीमेंट, कंक्रीट, टीएमटी सरिया, तार, केबल, बिजली उपकरण, एसी, दरवाजे, खिड़कियां, कांच, प्लाईवुड, लैमिनेट्स, मार्बल, टाइल्स, सैनिटरी उत्पाद, पेंट, सौर ऊर्जा, मॉड्यूलर किचन, फर्नीचर और होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही आधुनिक भवन निर्माण की तकनीकों और गुणवत्ता से जुड़ी जानकारियां भी विशेषज्ञ साझा करेंगे।
रेरा और बिल्डर्स के बीच होगा संवाद
आयोजन के दौरान रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर रेरा और बिल्डर्स के बीच संवाद भी कराया जाएगा। सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञ निर्माण क्षेत्र में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों और आधुनिक भवन निर्माण प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे। इससे कारोबारियों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेषज्ञों से सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा।
कई बड़े ब्रांड होंगे शामिल
आयोजकों के मुताबिक प्रदर्शनी में अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी सीमेंट, वोल्टास, हैवेल्स, श्याम स्टील, बिड़ला सीमेंट, बांगुर सीमेंट, सनमाइका, केईआई, एस्ट्रल, कोहलर और फेनेस्ट्रा समेत कई नामी कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। आयोजकों का कहना है कि यह प्रदर्शनी निर्माण और इंटीरियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों के लिए नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने का बेहतर अवसर साबित होगी।