
- देहरादून में डेकोरा 3.0 का भव्य शुभारंभ
- देशभर के नामचीन ब्रांडों ने लगाई प्रदर्शनी
देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में शुक्रवार को निर्माण, आर्किटेक्चर और इंटीरियर क्षेत्र की चार दिवसीय प्रदर्शनी डेकोरा 3.0 का शुभारंभ हुआ। 23 नवंबर तक चलने वाली प्रदर्शनी में देशभर की नामी कंपनियां अपने उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह में सिंचाई विभाग के सुभाष चंद्र, रेरा चेयरमैन अनिल कुमार यादव, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप सिंघल, आर्किटेक्ट प्लानर पुनीत सेठी, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के रजिस्ट्रार दीपक कुमार और डॉ. रश्मि बी. टंडन सहित कई अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
प्रदर्शनी में सीमेंट, स्टील, इलेक्ट्रिकल्स, टाइल्स, मार्बल, सैनिटरी उत्पाद, पेंट्स, सोलर पावर, मॉड्यूलर किचन, फर्नीचर और होम ऑटोमेशन समेत 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इसमें अल्ट्राटेक, वोल्टास, हैवेल्स, अडानी सीमेंट, श्याम स्टील, कोहलर, एस्ट्रल और फेनेस्ट्रा समेत कई प्रतिष्ठित ब्रांड शामिल हैं।
आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शनी का उद्देश्य बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स और इंटीरियर डिजाइनर्स को एक मंच उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें नई तकनीकों और उत्पादों की जानकारी के साथ व्यावसायिक संपर्क बढ़ाने का अवसर मिलेगा।