
- इगास पर्व हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक: धामी
- मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, युवा पीढ़ी से सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की अपील
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था का प्रतीक है। यह पर्व पारिवारिक परंपराओं के साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को नई ऊर्जा मिल रही है। उत्तराखंड में भी इगास पर्व को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ा है। राज्य सरकार प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ त्योहार मना सकें।
मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों के महत्व को समझने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अपील की कि वे इगास पर्व अपने पैतृक गांवों में मनाएं और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।