
- उक्रांद डेमोक्रेटिक ने जारी की 10 प्रत्याशियों की सूची
- सल्ट से बीरेंद्र बंगारी, रायपुर से आशुतोष नेगी और मसूरी से मेजर संतोष भंडारी को मिला टिकट
- क्षेत्रीय दलों के गठबंधन (यूडीए) के तहत बॉबी पंवार समेत तीन अन्य प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अब तक प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इनमें रायपुर से आशुतोष नेगी, मसूरी से मेजर संतोष भंडारी, कोटद्वार से रोहित डंडरियाल और सल्ट से बीरेंद्र बंगारी को प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार जागेश्वर से मनमोहन नागरकोटी, अल्मोड़ा से नरेंद्र बिष्ट, सोमेश्वर से शिवराम, गंगोत्री से अरविंद बुटोला, पौड़ी (अनुसूचित जाति आरक्षित) से रवींद्र उर्फ रवि सिंह और नरेंद्रनगर से प्रधान रतन सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
इस बीच सल्ट विधानसभा सीट से प्रत्याशी चयन को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल में विवाद सामने आया है। यूकेडी डेमोक्रेटिक की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष और सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य बीरेंद्र बंगारी ने पार्टी छोड़कर यूकेडी डेमोक्रेटिक का दामन थाम लिया है। उन्हें सल्ट विधानसभा सीट से 2027 के चुनाव के लिए प्रत्याशी भी घोषित किया गया है।
बंगारी ने सल्ट में प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितता और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए यूकेडी के शीर्ष नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनके साथ यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष महेश उपाध्याय और हंसादत्त बेलवाल, केंद्रीय प्रचार मंत्री बिशन सिंह नेगी, विशेष आमंत्रित सदस्य सूर्यप्रकाश पुरोहित और केंद्रीय संरक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों के भी पार्टी छोड़ने की जानकारी दी गई। हालांकि, इन आरोपों पर यूकेडी के पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
यूडीए के तहत तीन अन्य प्रत्याशियों को भी समर्थन
उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) के तहत यूकेडी डेमोक्रेटिक ने तीन अन्य क्षेत्रीय दलों के प्रत्याशियों को भी समर्थन देने की घोषणा की है। इसमें राज्य स्वराज पार्टी के चकराता से बॉबी पंवार, केदारनाथ से त्रिभुवन चौहान और कपकोट से भूपेंद्र कोरंगा शामिल हैं।
पार्टी नेताओं का कहना है कि हिमालयन क्रांति पार्टी, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी और उत्तराखंड समानता पार्टी समेत अन्य क्षेत्रीय दलों, संगठनों और निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ बातचीत जारी है। प्रयास किया जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक सीट पर क्षेत्रीय विचारधारा का एक साझा प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए।
यूकेडी डेमोक्रेटिक के नेताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले तक क्षेत्रीय दलों के बीच सहमति बनाने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि राष्ट्रीय दलों के मुकाबले क्षेत्रीय गठबंधन को मजबूत किया जा सके और साझा प्रत्याशियों की जीत की संभावनाएं बढ़ाई जा सकें।